54 वर्षों से कायम है ठूठीबारी की प्रभातफेरी संकीर्तन परंपरा, कार्तिक मास में भोर होते ही गूंजता है हरिनाम
1972 में पूर्वजों ने की थी शुरुआत, आज भी श्रद्धा और उत्साह के साथ एक महीने तक निकलती है प्रभातफेरी
ठूठीबारी (महराजगंज)। धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता की मिसाल बनी ठूठीबारी के श्री श्री प्राचीन शिवमंदिर की प्रभातफेरी संकीर्तन परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा के साथ कायम है। पिछले 54 वर्षों से कार्तिक मास में लगातार चली आ रही इस परंपरा ने कई पीढ़ियों को भक्ति और आध्यात्मिकता के सूत्र में बांध रखा है। खास बात यह है कि समय बदलने के बावजूद पूर्वजों द्वारा शुरू की गई इस धार्मिक परंपरा में कोई विराम नहीं आया है।
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार
इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 1972 में स्वर्गीय नन्दलाल निगम, स्वर्गीय भगवती पाठक, स्वर्गीय प्रमथ नाथ बंगाली, स्वर्गीय जयगोविन्द ठठेरा और स्वर्गीय रमाकान्त निगम सहित अन्य श्रद्धालुओं ने की थी। उन्हीं के प्रयासों से शुरू हुई प्रभातफेरी आज भी नगरवासियों की आस्था का केंद्र बनी हुई है।
कार्तिक मास में प्रतिदिन तड़के चार बजे संकीर्तन मंडल के सदस्य श्री श्री प्राचीन शिवमंदिर में एकत्रित होते हैं। यहां मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक रीति-रिवाज से भगवान महादेव का पूजन-अर्चन कराया जाता है। इसके बाद संकीर्तन टोली 'हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे' महामंत्र का सामूहिक जाप करते हुए नगर भ्रमण पर निकलती है। टोली नगर के विभिन्न मंदिरों से होते हुए पूरे उपनगर की परिक्रमा करती है और पुनः प्राचीन शिवमंदिर पहुंचती है। यहां भगवान भोलेनाथ की आरती के साथ प्रतिदिन की प्रभातफेरी संपन्न होती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बृजलाल स्मारक पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मिला टैबलेट
यह धार्मिक आयोजन प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होकर कार्तिक पूर्णिमा तक लगातार एक महीने तक चलता है। संकीर्तन में नन्दलाल निगम, अशोक वर्मा, ओमप्रकाश मद्धेशिया, सुरेंद्र भूज, राजेश वर्मा, अलगू जायसवाल, दिनेश रौनियार, मनोज रौनियार और राजेश निगम सहित संकीर्तन मंडल के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से शामिल रहते हैं।
मंदिर के पुजारी विश्वम्भर पाठक ने बताया कि कार्तिक मास में सच्चे मन से भगवान श्रीहरि का नाम जपने और संकीर्तन करने का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस पवित्र माह में भगवान का स्मरण करने से भक्तों को सुख, समृद्धि, आरोग्यता और शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि प्रभातफेरी संकीर्तन की यह परंपरा नगर में धार्मिक वातावरण बनाए रखने के साथ लोगों को आपसी सद्भाव और भक्ति से जोड़ने का कार्य कर रही है।
शीतलापुर में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद; बाइक सहित एक आरोपी गिरफ्तार
कार्तिक पूर्णिमा के दिन इस एक महीने तक चलने वाले संकीर्तन का विधिवत समापन होता है। इस अवसर पर श्री श्री प्राचीन शिवमंदिर में भव्य महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें नगर के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान का प्रसाद ग्रहण करते हैं।
54 वर्षों की यह अनूठी परंपरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ठूठीबारी की सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों की आस्था को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का जीवंत उदाहरण भी है।