महराजगंज की कमान नए डीएम के हाथ, विकास की रफ्तार और जनसमस्याओं के समाधान की होगी असली परीक्षा
प्रभात लाइव, महराजगंज। शासन के प्रशासनिक फेरबदल के बाद महराजगंज जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को जिले पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल का स्थान लिया है, जिनका स्थानांतरण सिद्धार्थनगर जनपद में किया गया है।नए जिलाधिकारी के आगमन के साथ ही जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर उम्मीदों का नया दौर शुरू हो गया है। हालांकि उनके सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। सरकारी योजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना और आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराना उनकी कार्यशैली की शुरुआती कसौटी होगी।महराजगंज की भौगोलिक स्थिति भी प्रशासन के लिए कई मायनों में चुनौतीपूर्ण है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस जिले में तस्करी पर प्रभावी अंकुश, सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और सोनौली सीमा पर व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाना महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में सुधार भी जनता की प्रमुख अपेक्षाओं में है।जिले में विकास योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व मामलों का निस्तारण, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तथा सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों की सुनवाई जैसे मुद्दों पर भी नए डीएम की नजरें रहेंगी। खासकर उन क्षेत्रों में प्रशासनिक सक्रियता की जरूरत है, जहां शिकायतों के बावजूद समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवागत जिलाधिकारी की प्राथमिकताओं में जनता की समस्याओं को कितनी जगह मिलती है? क्या सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और क्या विकास कार्यों में पारदर्शिता दिखाई देगी?फिलहाल शिवशरणप्पा जीएन के कार्यभार संभालने के बाद जिले की जनता की निगाहें उनके अगले कदमों पर टिकी हैं। स्वागत और उम्मीदों के बीच अब असली परीक्षा परिणाम देने की होगी।
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार