नहर में मौत का साया! मछली पकड़ने उतरा युवक मगरमच्छ के हमले के बाद लापता, तलाश में जुटीं कई टीमें

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 05 Oct 2026, 01:59 PM 347 व्यूज
Main Image

प्रभात लाइव, निचलौल (महराजगंज)। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गेडहवा गांव के पास टेल फॉल नहर में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक पर मगरमच्छ के हमले की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मगरमच्छ युवक को पानी के भीतर खींच ले गया। घटना के बाद से युवक लापता है। वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमें नहर में उसकी तलाश कर रही हैं।

Trending
🔥 इसे भी पढ़ें (ताज़ा खबर)
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार

लापता युवक की पहचान गेडहवा गांव निवासी छांगुर उर्फ छविलाल (36) के रूप में हुई है। बताया गया कि छांगुर अपने भाई झन्नू, पड़ोसी उमेश और अन्य लोगों के साथ नाव से नहर में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान छांगुर नाव से पानी में उतरे। इसी बीच पानी में मौजूद मगरमच्छ ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी की ओर खींच ले गया।

घटना के बाद साथ मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची। इसके बाद एसएसबी तथा एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। संयुक्त टीमें ग्रामीणों की मदद से नहर में संभावित स्थानों पर लापता युवक की तलाश में जुटी हैं।

Trending
🔥 इसे भी पढ़ें (ताज़ा खबर)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बृजलाल स्मारक पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मिला टैबलेट

उधर, छांगुर के लापता होने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बेटियां प्रीति (8), सलोनी (6), संगीता (3) और दो वर्षीय पुत्र प्रियांशु पिता के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिवार की चीख-पुकार से गेडहवा गांव का माहौल गमगीन हो गया।

घटना ने नहर क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या नहर में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर पहले से कोई चेतावनी या निगरानी व्यवस्था थी? क्या संवेदनशील जलक्षेत्र में ग्रामीणों को मछली पकड़ने से रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं? ऐसे सवालों के जवाब अब जिम्मेदार विभागों से अपेक्षित हैं।

Trending
🔥 इसे भी पढ़ें (ताज़ा खबर)
शीतलापुर में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद; बाइक सहित एक आरोपी गिरफ्तार

निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वनकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसे मगरमच्छ ने खींचा था या उसके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई है।

वहीं, निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता युवक की तलाश कराई जा रही है।

शेयर करें:

⚡ 10 तत्काल पोस्ट खबरें

🔥 12 ट्रेंडिंग खबरें (सबसे ज्यादा पढ़ी गई)