मगरमच्छ के हमले ने बुझाया घर का चिराग, 27 घंटे बाद बरामद हुआ शव
मां का सहारा टूटा, बच्चों के सिर से उठा पिता का हाथ; नदी किनारे गांवों में हाई अलर्टप्रभात लाइव, निचलौल (महराजगंज)। निचलौल क्षेत्र के गेडहवा गांव के पास नारायणी नदी में सोमवार को मछली पकड़ने गए युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी में खींच ले गया। घटना के बाद से ही वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमों ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। करीब 27 घंटे की तलाश के बाद मंगलवार दोपहर लगभग 2:50 बजे युवक का शव बरामद किया गया। शव की हालत क्षत-विक्षत बताई गई है।मृतक की पहचान छबिलाल साहनी (35), निवासी गेढ़हवा, जिला महराजगंज के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सोमवार को रोज की तरह मछली पकड़ने के लिए नदी क्षेत्र में गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और देखते ही देखते उसे नदी के गहरे पानी में खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता की निगरानी में पुलिस टीम ने अन्य विभागों के साथ मिलकर तलाश शुरू कर दी।लगातार करीब 27 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद मंगलवार को युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद नियमानुसार मृतक के परिजनों को शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।वृद्ध मां का सहारा टूटा, बच्चों के सिर से उठा पिता का हाथछबिलाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लिए वह आजीविका का प्रमुख सहारा बताया जा रहा है। हादसे ने एक वृद्ध मां से उसका सहारा छीन लिया तो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।नदी किनारे गांवों में हाई अलर्टनिचलौल रेंजर सुनील राय ने बताया कि नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को हैचिंग पीरियड के दौरान नदी क्षेत्र में न जाने और विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है। ताजा घटना के बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर लोगों को नदी और उसके आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।अब सवाल यह है कि नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को मगरमच्छ के बढ़ते खतरे से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कितना मजबूत किया जाएगा? क्या संवेदनशील नदी क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेतावनी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा? प्रशासन और वन विभाग की सतर्कता ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार