त्योहारों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने पर जोर, कोठीभार थाने में पीस कमेटी की बैठक
प्रभात लाइव, कोठीभार(महराजगंज)। आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना कोठीभार परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों तथा संबंधित लोगों के साथ संवाद कर कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक की अध्यक्षता निचलौल उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने की।इस दौरान कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं। ऐसे में सभी समुदायों के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति पैदा न होने दें।
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट और संदेशों पर विशेष नजर रखी जाएगी। लोगों से अपील की गई कि बिना सत्यापन किसी सूचना को आगे प्रसारित न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।बैठक में त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को भी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। वहीं थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बृजलाल स्मारक पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मिला टैबलेट