नारायणी नदी का जलस्तर तीन लाख क्यूसेक पार, आठ टोले बाढ़ की चपेट में सोहगीबरवा समेत कई गांवों का संपर्क प्रभावित, कटान से ग्रामीणों में दहशत; प्रशासन हाई अलर्ट पर
प्रभात लाइव, महराजगंज। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नारायणी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार दोपहर बाद नदी का जलस्तर तीन लाख क्यूसेक के पार पहुंचने से महराजगंज जिले के निचलौल ब्लॉक के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। सोहगीबरवा, भोथहा और शिकारपुर समेत करीब आठ टोले बाढ़ के पानी से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार
नदी का पानी गांवों की ओर फैलने से सोहगीबरवा जाने वाले कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं, कुछ स्थानों पर नदी की तेज धारा के कारण कटान की स्थिति बनने से तटवर्ती ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक टीमें नदी के जलस्तर, कटान और जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बृजलाल स्मारक पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मिला टैबलेट
स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि यदि नारायणी नदी का जलस्तर करीब साढ़े तीन लाख क्यूसेक तक पहुंचता है तो सोहगीबरवा क्षेत्र के साथ आसपास के अन्य गांवों में भी बाढ़ का प्रभाव बढ़ सकता है। फिलहाल पहले से पानी से घिरे इलाकों में आवागमन सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।
शीतलापुर में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद; बाइक सहित एक आरोपी गिरफ्तार
उधर, पड़ोसी कुशीनगर जिले के भी कई गांवों के टोले बाढ़ के पानी से प्रभावित हुए हैं। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश जारी रहने के कारण नारायणी नदी के जलस्तर में आगे भी वृद्धि की आशंका बनी हुई है। ऐसे में तटवर्ती गांवों के लोगों की निगाहें नदी के जलस्तर और प्रशासन की तैयारियों पर टिकी हैं।
प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की तैयारी की जा रही है।